जयकारों से गूंजा पुरैना खंडी चौरा, संकटमोचन हनुमान जी की प्रतिमा की हुई प्राण प्रतिष्ठा
सदर विधायक व राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य ने लिया आशीर्वाद, भक्तिमय माहौल में हुआ प्रसाद वितरण
नन्दलाल गुप्ता की रिपोर्ट
महराजगंज। घुघली विकास खंड के पुरैना खंडी चौरा गांव स्थित काली मंदिर परिसर मंगलवार को भक्ति, श्रद्धा और उत्साह के रंग में सराबोर रहा।
वैदिक मंत्रोच्चार और जय श्रीराम के उद्घोष के बीच संकटमोचन हनुमान जी की नवीन प्रतिमा की विधि-विधान से प्राण प्रतिष्ठा संपन्न हुई। इस अवसर पर पूरे क्षेत्र में धार्मिक आस्था का अद्भुत माहौल देखने को मिला।
प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान विद्वान आचार्य पंडित दया सागर तिवारी के निर्देशन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के यजमान राकेश पांडेय एवं उनकी धर्मपत्नी गायत्री देवी रहे, जिनके सौजन्य से यह भव्य धार्मिक आयोजन संपन्न हुआ।
आकर्षक प्रतिमा का स्थापना
बताया जा रहा है कि पुरानी सीमेंटेड प्रतिमा के स्थान पर राजस्थान के जयपुर से मंगाई गई नई आकर्षक प्रतिमा की स्थापना की गई, जिसकी लागत लगभग 52 हजार रुपये बताई गई।
अनुष्ठान के दौरान महिलाओं ने मंगल गीत गाकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और सभी ने संकटमोचन के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की।
कार्यक्रम में सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया, राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य जनार्दन प्रसाद गुप्त, प्रमुख संघ के कोषाध्यक्ष ओमप्रकाश जायसवाल, जिला पंचायत सदस्य इश्तखार उर्फ टुनटुन, कन्हैया जायसवाल, रंजन पांडेय, गुड्डू पांडेय, डॉ. सुभाष पांडेय, दिनेश गिरी, संजय मणि त्रिपाठी, ओमप्रकाश चौधरी, राम कोमल चौधरी, रिंकू गुप्ता, रजत राय, अनिल मिश्र सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरित किया गया। भक्तों का मानना है कि संकटमोचन हनुमान जी की कृपा से गांव में सुख, शांति और समृद्धि का वास होगा। मंदिर परिसर में दिनभर भक्ति और श्रद्धा की अविरल धारा बहती रही।
PM News 18 Hindi News Website

