मिशन शक्ति के तहत ग्राम चौपाल : डीएम-एसपी ने सुनी जनसमस्याएं, महिलाओं को दिलाया हक-हकूक का भरोसा
DM:घुघली महराजगंज। विकास खंड घुघली के ग्राम पंचायत भुवना में शनिवार को एक विशेष ग्राम चौपाल एवं मिशन शक्ति अभियान का आयोजन किया गया। इस चौपाल की अध्यक्षता जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने की। चौपाल में सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण, महिलाएं और युवतियां शामिल हुईं।
चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने अपनी-अपनी समस्याएं जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक के सामने रखीं।
इनमें आवास, पेंशन, सड़क, बिजली, राशन कार्ड, शौचालय, महिला सुरक्षा, रोजगार और किसानों से जुड़ी कई प्रमुख समस्याएं शामिल रहीं।
डीएम ने सुनी फरियाद
जिलाधिकारी ने सभी मामलों को गंभीरता से सुनते हुए मौके पर ही संबंधित विभागीय अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि गांव की अंतिम पंक्ति तक बैठे व्यक्ति को योजनाओं का लाभ मिले।
जिलाधिकारी ने विशेष तौर पर महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बेटियों को आत्मनिर्भर बनाना है।
ग्रामीणों से सीधे संवाद
महिलाओं को सरकारी योजनाओं से जोड़ने के साथ ही उनके अधिकारों की रक्षा करना प्रशासन की जिम्मेदारी है।
उन्होंने महिलाओं को भरोसा दिलाया कि हर स्तर पर उनकी सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित किया जाएगा।
चौपाल में मौजूद पुलिस अधीक्षक सोमेन्द्र मीणा ने ग्रामीणों से सीधे संवाद करते हुए आश्वस्त किया कि जिले में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी।
उन्होंने कहा कि महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डीएम के साथ चौपाल में अधिकारी
इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी भोला नाथ कन्नौजिया, खण्ड विकास अधिकारी राजकुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी श्रेया मिश्रा, सहायक विकास अधिकारी कृषि रक्षा केदार द्विवेदी, सहायक विकास अधिकारी कृषि वशिष्ठ कुशवाहा, सहायक विकास अधिकारी पंचायत देवेन्द्र पटेल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
ग्रामीणों ने चौपाल को सराहनीय पहल बताते हुए कहा कि गांव स्तर पर अधिकारियों की मौजूदगी से आम जनता को अपनी समस्याएं सीधे रखने का मौका मिलता है और उनका त्वरित निस्तारण संभव हो पाता है
PM News 18 Hindi News Website

