Accident:सड़क हादसा, ई-रिक्शा चालक गंभीर रूप से घायल
महराजगंज । जनपद के नौतनवा थाना क्षेत्र अंतर्गत बाबू पैसिया चौराहे पर शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया।
हादसा उस समय हुआ जब चौराहे पर सड़क किनारे खड़े एक ट्रक में पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ई-रिक्शा ने जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
दुर्घटना में ई-रिक्शा चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।
फौरन पहुंची पुलिस
सूचना मिलते ही संपतिया चौकी की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल को एंबुलेंस की सहायता से तत्काल नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया,
जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घायल चालक की पहचान बदरे आलम पुत्र काशीम अली, निवासी सोनौली के रूप में हुई है।
हालत चिंताजनक बनी हुई है
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त ई-रिक्शा को सड़क से हटवाया और यातायात व्यवस्था को सुचारू कराया। साथ ही ट्रक चालक से पूछताछ कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और सड़क पर खड़े ट्रक को बताया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
आदित्य मिश्रा की रिपोर्ट महाराजगंज से
PM News 18 Hindi News Website
