Crime:कुल्हाड़ी से काट दी पत्नी की गर्दन,दहेज विवाद में पति फरार
मायके से मां के साथ सामान लेने पहुंची थी नजमा, विवाद बढ़ा तो पति ने उतार दिया मौत के घाट; गांव में दहशत, पुलिस जांच में जुटी
महराजगंज। जिले के बृजमनगंज थाना क्षेत्र के सौरहा खास गांव में गुरुवार की शाम एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को सन्न कर दिया।
एक युवक ने अपनी ही पत्नी की कुल्हाड़ी से गला काटकर निर्मम हत्या कर दी और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई और लोग दहशत में हैं।
डेढ़ वर्ष पहले नजमा का निकाह हुआ
मिली जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान 23 वर्षीय नजमा खातून के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि करीब डेढ़ वर्ष पहले नजमा की शादी सौरहा खास निवासी मुर्तजा के साथ हुई थी।
शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष की ओर से दहेज को लेकर नजमा को प्रताड़ित किया जाने लगा था।
मृतका की मां आयशा खातून के मुताबिक, लगातार हो रही प्रताड़ना से परेशान होकर नजमा अपने मायके बारगाहपुर चली गई थी।
बाद में दोनों के बीच आपसी सहमति से अलगाव भी हो गया था।
महंगा पड़ गया दहेज का सामान
बताया जा रहा है कि गुरुवार को नजमा अपनी मां के साथ ससुराल पहुंची थी, जहां दहेज में दिए गए सामान को वापस लेने को लेकर बातचीत हो रही थी।
इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में पति मुर्तजा ने घर में रखी कुल्हाड़ी से नजमा के गले पर ताबड़तोड़ वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी मुर्तजा मौके से फरार हो गया। हत्या की खबर मिलते ही पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
पति की तलाश में दबिश जारी
सूचना मिलते ही फरेंदा क्षेत्राधिकारी अनिरुद्ध कुमार और बृजमनगंज थानाध्यक्ष सत्य प्रकाश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी पति की तलाश में दबिश दी जा रही है और मामले की गहन जांच की जा रही है।
इस दर्दनाक वारदात से गांव में शोक और दहशत का माहौल बना हुआ है।
PM News 18 Hindi News Website
