चार करोड़ से बदलेगी 46 जर्जर सड़कों की सूरत
150 गांवों के करीब 50 हजार लोगों को मिलेगी राहत, शासन को भेजी जाएगी कार्ययोजना
रायबरेली। जिले की बदहाल सड़कों पर अब मरहम लगाने की तैयारी शुरू हो गई है। लोक निर्माण विभाग ने ऊंचाहार, डलमऊ, सलोन, डीह, छतोह, रोहनियां और दीनशाह गौरा क्षेत्र की 46 जर्जर सड़कों के नवीनीकरण की कार्ययोजना तैयार की है। प्रस्ताव जल्द ही शासन को भेजा जाएगा। स्वीकृति मिलते ही इन सड़कों पर काम शुरू कराया जाएगा।
करीब चार करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित नवीनीकरण कार्य से लगभग 150 गांवों के 50 हजार लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। विभाग के अनुसार चिन्हित कई सड़कें पांच से छह वर्ष पहले बनाई गई थीं, लेकिन समय से रखरखाव न होने के कारण डामर उखड़ गया और जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं।
बारिश के दिनों में स्थिति और खराब हो जाती है। ग्रामीणों का कहना है कि गड्ढों के कारण राहगीरों, बाइक सवारों और स्कूली बच्चों को सबसे अधिक परेशानी होती है। कई बार बच्चे गड्ढों में गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं।
पांच से आठ किलोमीटर तक लंबी हैं सड़कें
चिन्हित सड़कों की लंबाई करीब पांच से आठ किलोमीटर तक है। ऊंचाहार के शिवकुमार, गदागंज के रामसिंह यादव और जगतपुर के महेश सिंह ने बताया कि लंबे समय से सड़कें खराब होने के कारण ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ रही है। नवीनीकरण होने से क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
सुनील दत्त, अधिशासी अभियंता, पीडब्ल्यूडी खंड प्रथम ने बताया कि 46 सड़कों को नवीनीकरण के लिए कार्ययोजना में शामिल किया गया है। शासन से स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण कार्य कराया जाएगा।
राहुल सिंह की रिपोर्ट पुलिस मुखबिर न्यूज रायबरेली ब्लॉक इंचार्ज यूपी
PM News 18 Hindi News Website
