रिटायर फौजी के घर 40 लाख के जेवर पर चोरों का हाथ
छत के रास्ते घर में घुसे चोर, ताले तोड़कर अलमारी से समेट ले गए सोना-चांदी
रायबरेली खीरों। बकियाखेड़ा मजरे उदवतपुर गांव में रविवार रात चोरों ने रिटायर फौजी के घर धावा बोलकर करीब 40 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात पार कर दिए। परिवार के लोग घर के बाहर सोते रहे और चोर छत के रास्ते घर में दाखिल होकर कमरों के ताले तोड़ते रहे। सोमवार सुबह सामान बिखरा मिलने पर घटना का खुलासा हुआ।
रिटायर फौजी रामरतन यादव ने बताया कि उनका बेटा संजय कंबाइन मशीन लेकर गैर जनपद गया हुआ है। रविवार रात परिवार के लोग घर के बाहर सो रहे थे। इसी दौरान चोर छत के रास्ते जीने से अंदर पहुंचे और कमरों के ताले तोड़कर अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए।
पीड़ित के मुताबिक चोरी गए जेवरों की कीमत करीब 40 लाख रुपये है। इनमें उनकी बेटी कविता और बहुओं रीता व अर्चना के जेवर शामिल हैं। सुबह नींद खुलने पर कमरों का सामान अस्त-व्यस्त और ताले टूटे मिले, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
पहले भी चोरी की घटना से दहशत
ग्रामीणों के मुताबिक कुछ दिन पहले रामरतन यादव की पांच भैंसें भी चोरी हो चुकी हैं। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से गांव में दहशत का माहौल है और ग्रामीण पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।
खीरों थाना प्रभारी संतोष सिंह ने बताया कि रिटायर फौजी के घर चोरी की घटना की जांच की जा रही है। प्राथमिकी दर्ज कर जल्द घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।
राहुल सिंह की रिपोर्ट पुलिस मुखबिर न्यूज रायबरेली ब्लॉक इंचार्ज यूपी
PM News 18 Hindi News Website
