गड्ढों में तब्दील रतापुर-गल्ला मंडी मार्ग, राहगीर चोटिल
पीडब्ल्यूडी और नगर पालिका की अनदेखी से राहगीरों व छोटे व्यापारियों में आक्रोश, गड्ढों में डलवाए गए बोल्डर से भी नहीं मिली राहत
रायबरेली। लोक निर्माण विभाग और नगर पालिका परिषद की कथित लापरवाही के चलते रतापुर से गल्ला मंडी और सब्जी मंडी को जोड़ने वाली सड़क लंबे समय से बदहाल है। बरसात के मौसम में सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो जाने से राहगीरों
दोपहिया वाहन चालकों, छोटे दुकानदारों और सब्जी-फल व्यापारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क की बदहाली के कारण कई लोग गिरकर चोटिल हो चुके हैं।
सड़क की हालत को लेकर रतापुर और सब्जी मंडी क्षेत्र के व्यापारियों तथा स्थानीय लोगों ने गड्ढों के बीच खड़े होकर विरोध-प्रदर्शन भी किया।
मामला इलेक्ट्रॉनिक चैनलों और समाचार पत्रों में सामने आने के बाद लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने आनन-फानन में सड़क के गड्ढों में बोल्डर वाली गिट्टी डलवा दी। हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ है।
लोगों के मुताबिक सड़क पर अभी तक महीन बजरी डालने के साथ डामरीकरण नहीं कराया गया है। जगह-जगह उबड़-खाबड़ रास्ते के कारण रोजाना आवागमन करने वालों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
वहीं, नगर पालिका और लोक निर्माण विभाग के बीच जिम्मेदारी को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं होने से सड़क निर्माण का काम आगे नहीं बढ़ पा रहा है।
स्थानीय निवासी संदीप सोनकर, राहुल सोनकर, छोटे व्यापारी दयाराम, ननकाऊ, बुद्धि लाल यादव, जागेश्वर, सब्जी विक्रेता लल्लन यादव, राम निहोर वर्मा, फल व्यापारी जागेलाल, शीतला सोनकर, पार्वती, बिताना और रामरती सोनकर आदि ने सड़क की जल्द मरम्मत और डामरीकरण कराने की मांग की है।
व्यापारियों ने कहा कि वे छोटे और मेहनत-मजदूरी करके रोज कमाने-खाने वाले लोग हैं। सड़क की खराब स्थिति के कारण उन्हें रोजाना परेशानी उठानी पड़ रही है। लोगों ने संबंधित विभागों से जल्द स्थायी समाधान कराने की मांग की है।
रवि शंकर सिंह की रिपोर्ट पुलिस मुखबिर न्यूज रायबरेली ब्यूरो प्रभारी यूपी
PM News 18 Hindi News Website
