दशहरा-दीपावली पर भिटौली पुलिस का पीस कमेटी मे सख्त संदेश
बिना अनुमति मूर्ति रखी तो कार्रवाई तय, विवाद करने वालों की खैर नहीं
महराजगंज। आगामी दशहरा एवं दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए बुधवार को थाना भिटौली परिसर में पीस कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में सीओ सदर सिद्धार्थ, एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, सभी चौकी प्रभारी, पुलिसकर्मी, मूर्तिकार, साउंड संचालक एवं मूर्ति स्थापना समितियों से जुड़े लोग मौजूद रहे।
बैठक में अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान अफवाह, भ्रामक खबर और किसी भी प्रकार के विवाद को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सीओ सदर सिद्धार्थ ने कहा कि बिना अनुमति किसी भी स्थान पर मूर्ति स्थापित नहीं की जाएगी। मूर्ति स्थापना के लिए निर्धारित नियमों और स्थलों का पालन करना अनिवार्य होगा। साथ ही विसर्जन भी निर्धारित स्थलों पर पारंपरिक तरीके से किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया अथवा किसी अन्य माध्यम से भ्रामक सूचना फैलाकर माहौल खराब करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। त्योहार के दौरान आपसी सौहार्द बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।
एसडीएम ने दो टूक कहा कि बिना अनुमति मूर्ति स्थापित करने पर कार्रवाई निश्चित है। उन्होंने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने वाली समितियों को अगले वर्ष मूर्ति स्थापना की अनुमति मिलने में भी परेशानी हो सकती है।
अधिकारियों ने उपस्थित लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार की समस्या, विवाद या परेशानी सामने आने पर तत्काल प्रशासन और पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते उसका समाधान किया जा सके।
अधिकारियों की स्पष्ट और सकारात्मक अपील के बाद बैठक में मौजूद मूर्ति समितियों, मूर्तिकारों और अन्य लोगों में उत्साह नजर आया। लोगों ने शांतिपूर्ण एवं भाईचारे के माहौल में पर्व मनाने का भरोसा दिलाया।इस मौके पर थानाध्यक्ष भिटौली सत्येंद्र कुमार राय, के साथ सभी एस आई, कांस्टेबल,समस्त चौकी प्रभारी,रिक्रूट मौजूद रहे।
PM News 18 Hindi News Website
