Thursday , 30 July 2026

महराजगंज में अपराधियों पर पुलिस का बड़ा प्रहार

महराजगंज में अपराधियों पर पुलिस का बड़ा प्रहार

3 जिला बदर, 1 की थाने में हाजिरी अनिवार्य

 

जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत एसपी शक्ति मोहन अवस्थी की सख्त कार्रवाई, गुण्डा एक्ट में चार आदतन अपराधी कार्रवाई की जद में

 

महराजगंज। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के नेतृत्व में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत महराजगंज पुलिस ने आदतन एवं संगठित अपराधियों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए जुलाई 2026 में चार अभियुक्तों के विरुद्ध उत्तर प्रदेश गुण्डा नियंत्रण अधिनियम, 1970 की धारा 3/4 के अंतर्गत कठोर वैधानिक कार्रवाई की है।

पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, समाज में भय और आतंक का वातावरण उत्पन्न कर अवैध आर्थिक एवं भौतिक लाभ अर्जित करने वाले चार अभियुक्तों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।

सक्षम प्राधिकारी के आदेश पर तीन अभियुक्तों को जनपद महराजगंज की सीमा से जिला बदर कर दिया गया, जबकि एक अभियुक्त को छह माह तक प्रत्येक माह के प्रथम शनिवार को संबंधित थाने में अनिवार्य रूप से उपस्थित होने का आदेश दिया गया है।

तीन अभियुक्त जिले से निष्कासित

 

जिला बदर किए गए अभियुक्तों में कोतवाली क्षेत्र के पिपरा बाबू अंसारी टोला निवासी अजमल अंसारी, घुघली थाना क्षेत्र के रामपुर बलडीहा निवासी गुड्डू यादव उर्फ अनिल यादव तथा पनियरा थाना क्षेत्र के मंजूरी निवासी विद्यासागर शामिल हैं।

वहीं, ठूठीबारी थाना क्षेत्र के बेलवा निवासी श्रवण हरिजन को छह माह तक प्रत्येक माह के प्रथम शनिवार को थाना ठूठीबारी में स्वयं उपस्थित होने का आदेश दिया गया है।

आपराधिक रिकॉर्ड बना कार्रवाई का आधार

 

पुलिस के अनुसार, इन सभी अभियुक्तों के विरुद्ध पूर्व से विभिन्न आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उनके आपराधिक आचरण और जनसुरक्षा पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभाव को देखते हुए यह कार्रवाई की गई है।

पुलिस का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य असामाजिक एवं पेशेवर अपराधियों की गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना तथा आमजन में सुरक्षा की भावना को और मजबूत करना है।

एसपी बोले नहीं अपराधियों को नहीं मिलेगी राहत

पुलिस अधीक्षक श्री शक्ति मोहन अवस्थी ने स्पष्ट किया है कि जनपद में ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत संगठित अपराध, आदतन अपराधियों और समाज में भय का माहौल बनाने वाले तत्वों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

अपराधियों की पहचान कर समयबद्ध एवं सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि जनपद में शांति, कानून-व्यवस्था और जनसुरक्षा बनी रहे तथा पुलिस के प्रति जनता का विश्वास और मजबूत हो।

Share:

About Arjun Patel

दोस्तों नमस्कार आप सभी शुद्ध पाठकों को अवगत कराना है कि राष्ट्रीय हिंदी मासिक पत्रिका public mukhbir जो बहराइच से प्रकाशित होकर पूर्वांचल के बस्ती, गोरखपुर ,कुशीनगर, सिद्धार्थ नगर ,देवरिया, महराजगंज, गोंडा ,बहराइच se Bihar rajya में प्रसारण हो रहा है मुझे यह विश्वास है कि हमारे द्वारा प्रकाशित किया गया समाचार आपको पसंद आएगा धन्यवाद

Check Also

बारिश के बाद धंसी जमीन, निकली रहस्यमयी सुरंग

बारिश के बाद धंसी जमीन, निकली रहस्यमयी सुरंग रायबरेली में मिले कुषाणकाल के अवशेष, ASI …