वायरल विडिओ ने खोली हकीकत!
सरकारी नाली पर अतिक्रमण, बरसात में जलभराव से जूझ रहे ग्रामीण
लेहड़ा बाजार में नाली पाटने का वीडियो वायरल, कई ग्राम पंचायतों में सरकारी नालियों पर कब्जे का आरोप; ग्रामीण बोले— जिम्मेदारों की चुप्पी से बढ़ रही परेशानी
महराजगंज। विकास खंड बृजमनगंज के ग्राम पंचायत फुलमनहा स्थित लेहड़ा बाजार में सड़क किनारे बनी सरकारी नाली को पाटने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सरकारी भूमि पर अतिक्रमण और जल निकासी व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो फरेंदा-बृजमनगंज मुख्य मार्ग पर स्थित रमानाथ-उमाशंकर इंटर कॉलेज के समीप का है, जिसमें एक महिला सरकारी नाली में मिट्टी डालती हुई दिखाई दे रही है।
वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है और स्थानीय लोगों ने सरकारी नालियों पर बढ़ते अतिक्रमण पर चिंता जताई है।
ग्रामीणों का कहना है कि नालियों को पाटे जाने के कारण बरसात के दिनों में जल निकासी बाधित हो जाती है। इसका परिणाम सड़क पर जलभराव, कीचड़ और गंदगी के रूप में सामने आता है, जिससे राहगीरों, दुकानदारों और विद्यालय आने-जाने वाले छात्र-छात्राओं को भारी परेशानी उठानी पड़ती है।
ग्रामीणों ने उठाए प्रशासन पर सवाल
स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह समस्या केवल लेहड़ा बाजार तक सीमित नहीं है, बल्कि विकास खंड बृजमनगंज की कई ग्राम पंचायतों में सरकारी नालियों पर अतिक्रमण की शिकायतें लंबे समय से मिल रही हैं।
उनका कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो बरसात के मौसम में हालात और गंभीर हो सकते हैं।
समाजसेवी बबलू चौरसिया ने मामले की निष्पक्ष जांच कराकर सरकारी नालियों से अतिक्रमण हटाने तथा दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, क्षेत्रीय लोगों ने प्रशासन से बरसात को देखते हुए विशेष अभियान चलाकर नालियों की सफाई कराने और अतिक्रमण हटाने की मांग की है।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है— क्या प्रशासन वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर कार्रवाई करेगा या फिर सरकारी नालियों पर कब्जे का सिलसिला यूँ ही चलता रहेगा?
PM News 18 Hindi News Website
