Friday , 27 November 2026

पनियरा में 70.40 लाख के भुगतान पर उठे सवाल

पनियरा में 70.40 लाख के भुगतान पर उठे सवाल, ग्राम पंचायत अधिकारी निलंबित

 

आठ ग्राम पंचायतों में बिना भौतिक सत्यापन के भुगतान का आरोप, जांच के लिए अधिकारी नामित 

 

महराजगंज, 31 अक्टूबर। विकास कार्यों में वित्तीय एवं प्रशासनिक अनियमितताओं के आरोप में विकास खंड पनियरा में तैनात ग्राम पंचायत अधिकारी ओमप्रकाश सिंह को निलंबित कर दिया गया है।

जिला पंचायत राज अधिकारी द्वारा की गई इस कार्रवाई से पंचायत विभाग में हलचल मच गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत अधिकारी पर जिलाधिकारी के निर्देशों एवं शासनादेशों की अवहेलना करते हुए विभिन्न ग्राम पंचायतों में कार्य कराने तथा बिना भौतिक सत्यापन के सरकारी धनराशि का भुगतान करने का आरोप है।

मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला पंचायत राज अधिकारी ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर अनुशासनात्मक कार्रवाई प्रस्तावित की है।

आदेश के मुताबिक, विकास खंड पनियरा की आठ ग्राम पंचायतों—सोहास, ऋषपुर, धनघटी, खजुरिया, तेंदुहिया, सुभितपुर, मोहद्दीनपुर एवं कनैला में 15वें एवं पंचम वित्त आयोग की धनराशि से कराए गए कार्यों के भुगतान में अनियमितता सामने आने का आरोप है।

इन ग्राम पंचायतों में सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) के भौतिक सत्यापन के बिना कुल 70 लाख 40 हजार 868 रुपये का भुगतान किए जाने का उल्लेख किया गया है।

बिना सत्यापन भुगतान, पंचायत अधिकारी सस्पेंड!

इसके अलावा डिजिटल लाइब्रेरी, पंचायत सचिवालय एवं सामुदायिक शौचालय के अधूरे कार्यों को पूरा कराने तथा ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन के कार्यों को प्राथमिकता देने संबंधी शासन के निर्देशों की अनदेखी कर अन्य कार्य कराए जाने का भी आरोप लगाया गया है।

प्रकरण की जांच के लिए सहायक विकास अधिकारी (पंचायत), परतावल को जांच अधिकारी नामित किया गया है। साथ ही संबंधित आठों ग्राम पंचायतों में कराए गए कार्यों का स्थलीय सत्यापन कर विस्तृत जांच आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

निलंबन अवधि में ग्राम पंचायत अधिकारी को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।

जिला पंचायत राज अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि शासनादेशों के विपरीत कार्य कराने और उच्चाधिकारियों के निर्देशों का अनुपालन नहीं करने के मामले में कार्रवाई की गई है।

जिलाधिकारी का भी स्पष्ट निर्देश है कि विकास कार्यों में वित्तीय अनियमितता, सरकारी धन के दुरुपयोग और शासनादेशों की अवहेलना के मामलों में नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

अब जांच में यह स्पष्ट होगा कि आठों ग्राम पंचायतों में कराए गए कार्यों की वास्तविक स्थिति क्या है और 70.40 लाख रुपये के भुगतान में किन स्तरों पर अनियमितताएं हुई हैं।

Share:

About Arjun Patel

दोस्तों नमस्कार आप सभी शुद्ध पाठकों को अवगत कराना है कि राष्ट्रीय हिंदी मासिक पत्रिका public mukhbir जो बहराइच से प्रकाशित होकर पूर्वांचल के बस्ती, गोरखपुर ,कुशीनगर, सिद्धार्थ नगर ,देवरिया, महराजगंज, गोंडा ,बहराइच se Bihar rajya में प्रसारण हो रहा है मुझे यह विश्वास है कि हमारे द्वारा प्रकाशित किया गया समाचार आपको पसंद आएगा धन्यवाद

Check Also

गलत पार्किंग और बेतरतीब खड़े वाहनों ने मांधाता बाजार को बनाया जाम का अड्डा

गलत पार्किंग और बेतरतीब खड़े वाहनों ने मांधाता बाजार को बनाया जाम का अड्डा, घंटों …