पुरानी रंजिश में घर में घुसकर हमला, चार घायल; पुलिस पर सुनवाई न करने का आरोप
रायबरेली, यूपी। भदोखर थाना क्षेत्र के डंडे मजरे उद्रेठी गांव में पुरानी रंजिश को लेकर घर में घुसकर मारपीट का मामला सामने आया है।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि एक युवक अपने करीब दस साथियों के साथ घर में घुसा और गाली-गलौज के बाद लाठी-डंडों से हमला कर दिया। घटना में परिवार के चार लोग घायल हुए हैं।
पीड़िता राजकुमारी ने बताया कि उनके पति सुरेंद्र गुजरात में रहते हैं। वह अपनी सास सुबेधा, ससुर बच्चूलाल और ननद निशा के साथ घर पर रहती हैं।
आरोप है कि 6 सितंबर को गांव का एक युवक अपने साथियों के साथ उनके घर में घुस आया और विवाद के बाद मारपीट शुरू कर दी। हमले में चारों को चोटें आईं।
परिवार का दावा है कि मारपीट की पूरी घटना पास के मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। उनका आरोप है कि घटना के बाद थाने में तहरीर देने के बावजूद पुलिस ने कार्रवाई नहीं की और घायलों का मेडिकल परीक्षण भी नहीं कराया गया।
पीड़िता का यह भी आरोप है कि आरोपी पक्ष की ओर से लगातार जान-माल की धमकी दी जा रही है, जिससे परिवार भयभीत है। शुक्रवार को पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर न्याय और सुरक्षा की गुहार लगाई। एसपी ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया है।
रवि शंकर सिंह की रिपोर्ट पुलिस मुखबिर न्यूज रायबरेली ब्यूरो प्रभारी यूपी
PM News 18 Hindi News Website
