शिक्षक एमएलसी चुनाव में भाजपा ने झोंकी ताकत, ध्रुव त्रिपाठी की जीत के लिए बनी रणनीति
जिलाध्यक्ष संजय पांडेय के नेतृत्व में हुई बैठक, शिक्षक मतदाताओं से व्यक्तिगत संपर्क और बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर
महराजगंज। 8 अक्टूबर शिक्षक एमएलसी चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को भाजपा जिला कार्यालय पर जिलाध्यक्ष अशोक पांडेय उर्फ संजय पांडेय के नेतृत्व में जिला पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई।
इसमें पार्टी के घोषित प्रत्याशी ध्रुव त्रिपाठी की जीत सुनिश्चित करने के लिए चुनावी रणनीति तैयार करने के साथ शिक्षक मतदाताओं तक पहुंच बनाने और संगठन को जमीनी स्तर पर सक्रिय करने पर जोर दिया गया।
बैठक में पदाधिकारियों को शिक्षक मतदाताओं से व्यापक संपर्क स्थापित करने, पार्टी प्रत्याशी की नीतियों एवं प्राथमिकताओं से उन्हें अवगत कराने तथा बूथ और मंडल स्तर पर चुनावी अभियान को गति देने की जिम्मेदारी सौंपी गई।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि भाजपा संगठन पूरी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतरेगा। प्रत्येक कार्यकर्ता की भूमिका महत्वपूर्ण है और व्यक्तिगत संपर्क व प्रभावी संवाद के जरिए प्रत्याशी के पक्ष में मजबूत माहौल तैयार करना होगा।
शिक्षक समाज राष्ट्र निर्माण की अहम कड़ी : विधायक
सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने कहा कि शिक्षक समाज राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
भाजपा शिक्षक हितों की रक्षा और शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकारों ने शिक्षा के क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और युवाओं के बेहतर भविष्य के लिए अनेक कदम उठाए हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से ध्रुव त्रिपाठी के समर्थन में पूरी प्रतिबद्धता के साथ जुटने का आह्वान किया।
संगठन की ताकत से जीत का लक्ष्य : जिलाध्यक्ष
जिलाध्यक्ष अशोक पांडेय उर्फ संजय पांडेय ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका मजबूत संगठन और समर्पित कार्यकर्ता हैं।
शिक्षक एमएलसी चुनाव में पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी ऊर्जा के साथ जुटकर प्रत्याशी की जीत के लिए प्रयास करेगा।
उन्होंने पदाधिकारियों से अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करने, शिक्षक मतदाताओं से संवाद बढ़ाने और चुनावी अभियान को गति देने की अपील की।
बैठक में जिला पदाधिकारियों ने भी अपने सुझाव रखे और पार्टी प्रत्याशी की जीत के लिए एकजुट होकर काम करने का संकल्प लिया।
इस दौरान जिला उपाध्यक्ष अशोक तिवारी, जिला महामंत्री बबलू यादव, जिला मंत्री विष्णुदेव चौरसिया, एमएलसी चुनाव संयोजक प्रभाकर द्विवेदी, शिक्षक प्रकोष्ठ संयोजक अमित सिंह, विधानसभा संयोजक लालचंद्र चौधरी, दिनेश जायसवाल, शैलेश पांडेय, नागेंद्र मल्ल, शिवभूषण उर्फ चंचल चौबे, प्रिंस शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
PM News 18 Hindi News Website
