झुगवाँ कम्पोजिट विद्यालय के तीन कमरों के ताले टूटे, खाद्यान्न से लेकर साउंड सिस्टम तक साफ
महराजगंज। बागापार क्षेत्र के थाना चौक अंतर्गत पूर्व माध्यमिक विद्यालय झुगवां कम्पोजिट में 11/12 फरवरी की रात अज्ञात चोरों ने बड़ी चोरी Theft की वारदात को अंजाम देकर शिक्षा व्यवस्था पर ही चोट कर दी।
चोरों ने विद्यालय के तीन कमरों के ताले काटकर मध्यान्ह भोजन का खाद्यान्न, साउंड सिस्टम, रसोई के बर्तन और अन्य शैक्षणिक सामग्री पर हाथ साफ कर दिया।
विद्यालय खुला तो होश उड़ गए
सुबह जब 12 फरवरी को विद्यालय खुला तो स्टाफ के होश उड़ गए। कमरों के ताले टूटे पड़े थे और भीतर रखा सामान गायब था। घटना से विद्यालय परिसर में हड़कंप मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक दोनों संवर्गों के कुल तीन कमरों को निशाना बनाया गया। चोरों ने पहले ताले काटे और फिर व्यवस्थित तरीके से अंदर रखा सामान समेट ले गए।
खाद्यान्न भी नहीं छोड़ा
मध्यान्ह भोजन के लिए रखा खाद्यान्न भी नहीं छोड़ा गया। विद्यालय का साउंड सिस्टम, जिसमें दो स्पीकर शामिल थे, रसोई के बर्तन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक व शैक्षणिक उपकरण भी चोरी कर लिए गए।
इस चोरी से न केवल विद्यालय को आर्थिक क्षति पहुंची है, बल्कि पठन-पाठन व्यवस्था भी प्रभावित हुई है। मध्यान्ह भोजन योजना पर भी असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
Theft अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर
घटना की सूचना तत्काल ग्राम प्रधान प्रतिनिधि दीनानाथ गुप्ता को दी गई, जिन्होंने पुलिस को अवगत कराया। विद्यालय के प्रधानाध्यापक राकेश वर्मा ने थाना चौक में अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर देकर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। हल्का दरोगा शिवम सिंह ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो चुकी है और हर पहलू पर जांच की जा रही है।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही मामले का पर्दाफाश किया जाएगा।
ग्रामीणों का कहना है कि शिक्षा के मंदिर में हुई इस चोरी ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सबकी निगाहें पुलिस कार्रवाई पर टिकी हैं कि आखिर इन चोरों तक कब और कैसे पहुंचा जाता है।
PM News 18 Hindi News Website
