बहन को अभद्र मैसेज भेजने का विरोध पड़ा भारी, भाई पर कुल्हाड़ी से हमला
रायबरेली जगतपुर। बहन के मोबाइल पर अभद्र मैसेज भेजने का विरोध करना एक युवक को भारी पड़ गया। आरोप है कि मैसेज भेजने वाले युवक ने अपने माता-पिता के साथ मिलकर पीड़ित के भाई के साथ मारपीट की और कुल्हाड़ी से हमला कर उसे घायल कर दिया। हमले में युवक के दाहिने हाथ में चोट आई है।
अभद्र मैसेज का विरोध करने पर युवक पर कुल्हाड़ी से वार
मामला जगतपुर क्षेत्र के जिगना गांव का है। घायल की बहन ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि गांव का रहने वाला कार्तिक सिंह उसके मोबाइल पर लगातार अभद्र मैसेज भेजता था। आरोप है कि वह उसका मोबाइल नंबर अन्य लोगों को भी दे रहा था। इसकी जानकारी होने पर उसके भाई आयुष ने कार्तिक सिंह से मैसेज भेजने का कारण पूछा।
आरोप है कि इसी बात को लेकर कार्तिक सिंह ने अपने पिता अशोक और मां पुष्पा के साथ मिलकर आयुष से मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान कुल्हाड़ी से हमला कर उसे घायल कर दिया गया। घटना के बाद परिजन घायल को उपचार के लिए ले गए और पुलिस को मामले की जानकारी दी।
डलमऊ क्षेत्राधिकारी गिरिजा शंकर त्रिपाठी ने बताया कि थाना प्रभारी वागीश मिश्रा से मामले की जानकारी ली गई है। पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर कार्तिक सिंह, अशोक और पुष्पा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
रवि शंकर सिंह की रिपोर्ट पुलिस मुखबिर न्यूज रायबरेली ब्यूरो प्रभारी यूपी
PM News 18 Hindi News Website
