फरार आरोपी के घर चस्पा हुआ नोटिस, अब संपत्ति कुर्की की चेतावनी
कोर्ट के आदेश पर सिंदुरिया पुलिस की कार्रवाई, गांव में कराई गई डुग्गी-मुनादी
महराजगंज। न्यायालय के आदेश पर सिंदुरिया पुलिस ने शनिवार शाम थाना क्षेत्र के पिपरा कल्याण गांव में फरार चल रहे आरोपी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की।
पुलिस टीम ने आरोपी अखिलेश पुत्र गमई के घर पहुंचकर बीएनएसएस की धारा 84 के तहत नोटिस चस्पा किया। इसके साथ ही गांव में डुग्गी-मुनादी कराकर आरोपी को न्यायालय के समक्ष हाजिर होने की चेतावनी दी गई।
सिंदुरिया थानाध्यक्ष विशाल कुमार शुक्ला ने बताया कि न्यायालय के निर्देश पर फरार आरोपी के घर नोटिस चस्पा किया गया है। आरोपी के विरुद्ध स्थानीय थाने में मु.अ.सं. 108/2026, धारा 69, 352 एवं 351(3) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज है। आरोपी काफी समय से मुकदमे में फरार चल रहा है।
गैर जमानती वारंट के बाद नोटिस
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए न्यायालय द्वारा गैर जमानती वारंट भी जारी किया जा चुका है। इसके बावजूद आरोपी के हाजिर नहीं होने पर पुलिस ने न्यायालय के आदेश के क्रम में बीएनएसएस की धारा 84 के तहत नोटिस की कार्रवाई की।
प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि नोटिस चस्पा होने के बाद भी यदि आरोपी निर्धारित प्रक्रिया के तहत न्यायालय के समक्ष हाजिर नहीं होता है तो बीएनएसएस की धारा 85 के तहत उसकी संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की इस कार्रवाई से फरार आरोपियों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस का कहना है कि न्यायालय के आदेशों का पालन कर फरार आरोपी के खिलाफ आगे भी नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।
PM News 18 Hindi News Website
