सोनौली बॉर्डर पर थाई महिला गिरफ्तार
फर्जी भारतीय दस्तावेज मिलने से मचा हड़कंप
आव्रजन जांच में खुलासा: कई बार भारत आ चुकी है महिला, मथुरा-वृंदावन जाने की बात आई सामने
महराजगंज। भारत-नेपाल सीमा के सोनौली बॉर्डर पर सोमवार शाम आव्रजन विभाग की टीम ने जांच के दौरान कथित फर्जी भारतीय दस्तावेज रखने के आरोप में थाईलैंड की एक महिला को हिरासत में लिया।
पूछताछ के बाद आव्रजन अधिकारियों ने महिला को आगे की कार्रवाई के लिए सोनौली पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम भारत-नेपाल सीमा पर आव्रजन अधिकारी यात्रियों के दस्तावेजों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान नेपाल की ओर से भारत में प्रवेश कर रही थाईलैंड की महिला ने अपना पासपोर्ट और वीजा प्रस्तुत किया। महिला की भाषा और बोलचाल को लेकर अधिकारियों को संदेह हुआ, जिसके बाद उससे गहन पूछताछ की गई।
पूछताछ में महिला ने अपना नाम चोन यूतिचिरफ्त और निवासी थाईलैंड बताया। दस्तावेजों की जांच के दौरान उसके पास से कथित रूप से फर्जी भारतीय दस्तावेज मिलने की बात सामने आई। इसके बाद आव्रजन टीम ने महिला को हिरासत में लेकर सोनौली पुलिस को सौंप दिया।
पूछताछ में यह भी जानकारी सामने आई कि महिला पूर्व में कई बार भारत आ चुकी है और नेपाल के रास्ते वृंदावन व मथुरा जाने की बात बताई गई है। बताया जा रहा है कि थाईलैंड में महिला कपड़ों का कारोबार करती है। हालांकि, उसके पास कथित फर्जी भारतीय दस्तावेज कैसे पहुंचे और उनका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया गया, इसकी जांच की जा रही है।
सोनौली कोतवाल महेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि महिला से पूछताछ की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और दस्तावेजों की सत्यता के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
PM News 18 Hindi News Website
