दो दिवसीय दौरे पर आज रायबरेली पहुंचेंगे राहुल गांधी
दिशा की बैठक में विकास कार्यों की करेंगे समीक्षा, पार्टी पदाधिकारियों से भी करेंगे मुलाकात
रायबरेली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं रायबरेली सांसद राहुल गांधी मंगलवार को अपने संसदीय क्षेत्र के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचेंगे। उनके दौरे को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है।
दौरे के दौरान राहुल गांधी जिला सतर्कता एवं अनुश्रवण समिति (दिशा) की बैठक में शामिल होकर जिले में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी लेंगे और विकास की जमीनी हकीकत परखेंगे।
राहुल गांधी के दौरे को लेकर सोमवार को प्रशासन और कांग्रेस संगठन की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गईं। हालांकि, प्रशासन अथवा कांग्रेस की ओर से राहुल गांधी का विस्तृत लिखित कार्यक्रम जारी नहीं किया गया है।
जानकारी के मुताबिक राहुल गांधी मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे रायबरेली पहुंचेंगे। शिवगढ़ क्षेत्र के गुमावां चौराहे पर उनका स्वागत किया जाएगा। इसके बाद वह शहर के प्रभु टाउन स्थित फना त्रिवेदी के आवास पर पहुंचकर उनके परिजनों से मुलाकात करेंगे। परिवार के एक सदस्य के निधन पर राहुल गांधी शोक संवेदना व्यक्त करेंगे।
इसके बाद राहुल गांधी भूएमऊ गेस्ट हाउस पहुंचेंगे, जहां अमेठी सांसद केएल शर्मा समेत कांग्रेस के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों से मुलाकात कर संगठन के कामकाज की समीक्षा करेंगे।
इस दौरान आगामी चुनाव को लेकर संगठन की तैयारियों और स्थानीय राजनीतिक गतिविधियों पर भी चर्चा होने की संभावना है।
गौरतलब है कि राहुल गांधी इसी वर्ष अपने संसदीय क्षेत्र के दौरे पर आए थे। उस दौरान उन्होंने आम जनता से मुलाकात करने के साथ हरचंदपुर, सदर, लालगंज और खीरों क्षेत्र में जनसभाओं को संबोधित किया था। ऐसे में विधानसभा चुनाव से पहले उनका यह दौरा राजनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
रवि शंकर सिंह की रिपोर्ट पुलिस मुखबिर न्यूज रायबरेली ब्यूरो प्रभारी यूपी
PM News 18 Hindi News Website
