गांव की जरूरत के हिसाब से बनेगी विकास की नई तस्वीर
विकसित भारत जी राम जी’ योजना के सफल क्रियान्वयन को पंच सम्मेलन, डीएम ने दिए प्रभावी कार्ययोजना बनाने के निर्देश
रायबरेली। गांवों के विकास को लेकर प्रशासन ने अब स्थानीय जरूरतों के आधार पर कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया है। सोमवार को विकास भवन स्थित महात्मा गांधी सभागार में ‘विकसित भारत जी राम जी’ योजना के सफल एवं प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर पंच सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में ग्राम पंचायतों की वास्तविक जरूरतों, उपलब्ध संसाधनों और विकास कार्यों के चयन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने कहा कि ग्राम पंचायतें विकास की सबसे महत्वपूर्ण इकाई हैं। पंचायतों में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए स्थानीय आवश्यकता के अनुरूप विकास कार्यों का चयन किया जाना चाहिए। उन्होंने प्रशासकों एवं सचिवों को निर्देश दिए कि ग्राम पंचायत की वर्तमान स्थिति, स्थानीय आवश्यकताओं और उपलब्ध संसाधनों का समुचित आकलन कर विकास की ठोस कार्ययोजना तैयार करें।
डीएम ने कहा कि पंच सम्मेलन के माध्यम से ग्राम स्तर पर विकास की आवश्यकताओं पर व्यापक चर्चा होगी, जिससे योजनाओं को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू करने में मदद मिलेगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को ग्राम पंचायतों को योजना के संबंध में आवश्यक तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बिजली कटौती पर डीएम सख्त, उपभोक्ताओं को रोस्टर के अनुसार पूरी बिजली देने के निर्देश
खराब लाइनों को तत्काल दुरुस्त करने और बार-बार होने वाली कटौती से निजात दिलाने को कहा
रायबरेली। जिले में बिजली आपूर्ति व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने अधिकारियों को उपभोक्ताओं को रोस्टर के अनुसार निर्बाध एवं पूरी बिजली उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने खराब बिजली लाइनों को तत्काल दुरुस्त कराने तथा बार-बार होने वाली बिजली कटौती की समस्या को दूर करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों से बिजली आपूर्ति व्यवस्था की लगातार निगरानी करने और उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशानी से राहत दिलाने के निर्देश दिए।
रवि शंकर सिंह की रिपोर्ट पुलिस मुखबिर न्यूज रायबरेली ब्यूरो प्रभारी यूपी
PM News 18 Hindi News Website
