गंगा का जलस्तर चेतावनी बिंदु से महज 31 सेमी दूर, कटरी में बाढ़ का खौफ
बारिश के बीच तेजी से बढ़ रहा पानी, कटरी क्षेत्र के गांवों में दहशत; प्रशासन ने कहा—बाढ़ से निपटने के सभी इंतजाम पूरे
रायबरेली। लगातार हो रही बारिश के बीच गंगा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने लगा है। शुक्रवार को डलमऊ में गंगा का जलस्तर 98.050 मीटर दर्ज किया गया, जो चेतावनी बिंदु 98.360 मीटर से महज 31 सेंटीमीटर नीचे है। जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि से डलमऊ और ऊंचाहार क्षेत्र के कटरी इलाके में बाढ़ की आशंका गहराने लगी है।
केंद्रीय जल आयोग डलमऊ के अनुसार गंगा का खतरे का निशान 99.360 मीटर निर्धारित है। चेतावनी बिंदु के बेहद करीब पहुंच चुके जलस्तर को देखते हुए नदी किनारे बसे गांवों में लोगों की चिंता बढ़ गई है। चकभीति, जमालनगर मोहद्दीनपुर, जहांगीराबाद, पूरे रेवती सिंह, अंबाहा और बबुरा समेत आसपास के गांवों में लोग नदी के बढ़ते पानी पर नजर बनाए हुए हैं।
स्थानीय लोगों संतराम यादव, बिरजू यादव और साजन प्रसाद ने बताया कि गंगा का पानी लगातार बढ़ रहा है। यदि जलस्तर इसी तरह बढ़ता रहा तो कटरी क्षेत्र के निचले इलाकों में पानी पहुंचने की आशंका है। इससे फसल और आवागमन प्रभावित हो सकता है।
वहीं, एसडीएम डलमऊ प्रीति सिंह ने कहा कि फिलहाल बाढ़ जैसी स्थिति नहीं है। प्रशासन ने संभावित बाढ़ से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पहले ही पूरी कर ली हैं। जरूरत पड़ने पर प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाएगा।
शुक्रवार को नायब तहसीलदार संभूशरण पांडेय ने गंगा घाट पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने नाविकों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। साथ ही लेखपालों की टीमों को घाट और आसपास के क्षेत्रों में लगातार निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
जलस्तर बढ़ने के साथ प्रशासन की निगरानी भी तेज हो गई है, जबकि कटरी के लोगों की नजर अब गंगा के अगले जलस्तर पर टिकी है।
रवि शंकर सिंह की रिपोर्ट पुलिस मुखबिर न्यूज रायबरेली ब्यूरो प्रभारी यूपी
PM News 18 Hindi News Website
