बारिश बनी आफत: कच्ची दीवार ढही, मलबे में दबा दंपती; हालत गंभीर
गदागंज के सैय्यद राजेपुर में देर रात हादसा, ग्रामीणों ने मलबा हटाकर बचाई जान; जगतपुर सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर
- रायबरेली। गदागंज थाना क्षेत्र के सैय्यद राजेपुर गांव में शुक्रवार रात तेज बारिश के बीच कच्ची दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे में दीवार के मलबे में दबकर दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई।
बताया गया कि बारिश के चलते कच्चा मकान कमजोर हो गया था। रात में अचानक दीवार ढहने से बैजू पुत्र झुरी और उनकी पत्नी राजदेई मलबे की चपेट में आ गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद मलबा हटाकर दोनों को बाहर निकाला।
आनन-फानन में घायल दंपती को जगतपुर सीएचसी ले जाया गया, जहां चिकित्सक डॉ. लाईक अहमद ने प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने पर दोनों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रायबरेली रेफर कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि बैजू और राजदेई बेहद गरीब हैं और उनके पास सरकारी पक्के आवास की सुविधा भी नहीं थी। परिवार लंबे समय से कच्चे मकान में रहने को मजबूर था। बारिश के दौरान दीवार गिरने की घटना ने गरीब परिवारों के आवास की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
हादसे के बाद गांव में लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता देने और पक्का आवास उपलब्ध कराने की मांग की है।
तेजपाल चौहान की रिपोर्ट पुलिस मुखबिर न्यूज जगतपुर ब्लॉक प्रभारी रायबरेली यूपी
PM News 18 Hindi News Website
