शारदा सहायक नहर में कूदने पहुंची बैंककर्मी, पुलिस ने बचाया
परिवार की बेरुखी से आहत बताई जा रही युवती, मिशन शक्ति टीम ने समझाकर रोका
रायबरेली। मानसिक तनाव के चलते 23 वर्षीय महिला बैंककर्मी शनिवार रात शारदा सहायक नहर में कूदकर जान देने के इरादे से पहुंच गई।
समय रहते सूचना मिलने पर पुलिस और मिशन शक्ति टीम मौके पर पहुंच गई और समझा-बुझाकर उसे नहर में कूदने से रोक लिया। इसके बाद युवती को थाने लाकर परिजनों को सूचना दी गई।
बताया गया कि कानपुर नगर की रहने वाली युवती शहर के आईटीआई स्थित भारतीय स्टेट बैंक में क्लर्क के पद पर तैनात है। शनिवार रात करीब सात बजे वह मिल एरिया थाना क्षेत्र से कुछ दूरी पर स्थित शारदा सहायक नहर के पास पहुंची थी। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी।
सूचना मिलते ही मिशन शक्ति केंद्र की प्रभारी किरन भास्कर टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। टीम ने युवती से बातचीत कर उसे समझाया और नहर में कूदने से रोक लिया। बाद में उसे थाने लाया गया और परिजनों को बुलाया गया।
पुलिस की जांच में सामने आया कि युवती परिवार में अकेली कमाने वाली है। उसके पिता गंभीर बीमारी से पीड़ित हैं और वह परिवार की आर्थिक जरूरतों समेत अन्य जिम्मेदारियां संभालती है। युवती ने बताया कि परिवार की मदद करने और पैसे देने के बावजूद उसे अपेक्षित सम्मान नहीं मिलता, जिससे वह मानसिक तनाव में थी और आत्मघाती कदम उठाने का विचार आया।
मिल एरिया थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि युवती को समझाकर परिजनों के साथ घर भेज दिया गया। समय पर पुलिस के पहुंचने से एक बड़ा हादसा टल गया।
रवि शंकर सिंह की रिपोर्ट पुलिस मुखबिर न्यूज रायबरेली ब्यूरो प्रभारी यूपी
PM News 18 Hindi News Website
