घर में फंदे से लटका मिला 75 वर्षीय बुजुर्ग का शव, गांव में मची सनसनी
महराजगंज। सदर कोतवाली क्षेत्र के सतभरिया गांव में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब 75 वर्षीय बिहारी यादव का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
परिजनों के अनुसार, घटना के समय परिवार के कुछ सदस्य खेत की ओर गए थे। घर लौटने पर कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला।
काफी देर तक आवाज देने के बावजूद दरवाजा नहीं खुला। इसके बाद मृतक की बेटी पूजा यादव ने दीवार में बने झरोखे से कमरे के अंदर देखा तो पिता को फंदे से लटका पाया। यह दृश्य देखते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी।
बताया गया कि बिहारी यादव की पहली पत्नी का निधन हो चुका था। इसके बाद उन्होंने श्रावस्ती निवासी महिला से दूसरी शादी की थी। दूसरी पत्नी से उनकी दो बेटियां पूजा और चंदनी हैं।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही बुजुर्ग की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
PM News 18 Hindi News Website
