फरेंदा में तस्करी का बड़ा खेल बेनकाब
बलैनो से सात बोरी अखरोट समेत कॉस्मेटिक का जखीरा बरामद
कार्रवाई से मचा हड़कंप, बस्ती का युवक गिरफ्तार; कस्टम एक्ट में मुकदमा दर्ज
महराजगंज। फरेंदा कस्बे में बुधवार को तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान पुलिस ने संदिग्ध बलैनो कार को रोककर बड़ी मात्रा में सामान बरामद किया।
कार की तलाशी में सात बोरी अखरोट, 12 बोरी फेयर एंड लवली पाउच, मैगी के दो गत्ते और प्लास्टिक में रखी फेयर एंड लवली क्रीम की 275 ट्यूब मिलने से पुलिस भी सतर्क हो गई। पुलिस ने कार सवार युवक को गिरफ्तार कर वाहन को कब्जे में ले लिया।
गिरफ्तार युवक की पहचान सुनील मिश्रा (34) पुत्र देवतामनी मिश्रा, निवासी ग्राम नदाई हरहिया, थाना हरैया, जनपद बस्ती के रूप में हुई है। सामान के साथ इस्तेमाल की जा रही बलैनो कार संख्या UP 56 AY 1907 को भी पुलिस ने जब्त कर लिया।
कहां से आया सामान, कहां जाना था?
कार से बरामद सामान को लेकर पुलिस अब इसकी पूरी कड़ी खंगाल रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि सामान कहां से लाया गया था और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था। आशंका जताई जा रही है कि सामान की आवाजाही के पीछे तस्करी का नेटवर्क हो सकता है। हालांकि, जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक तस्वीर साफ होगी।
मामले में फरेंदा थाने में मु0अ0सं0 NIL/2026 के तहत धारा 111 कस्टम अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
संदिग्ध वाहनों पर पुलिस की पैनी नजर
तस्करी की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की ओर से संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की लगातार निगरानी की जा रही है। इसी अभियान के दौरान पुलिस टीम ने बलैनो कार को रोककर तलाशी ली, जिसमें यह सामान बरामद हुआ।
कार्रवाई थानाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह के नेतृत्व में हुई। टीम में उपनिरीक्षक सौरभ पटेल, कांस्टेबल अनिल कुमार यादव, रिजर्व कांस्टेबल गौरव वर्मा और रिजर्व कांस्टेबल अजय यादव शामिल रहे। पुलिस अब बरामद सामान और आरोपी से जुड़े अन्य पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।
PM News 18 Hindi News Website
