डेढ़ साल का इंतजार खत्म! अब शहर को मिलेगी बिजली संकट से राहत
जमीन का विवाद सुलझा, 4 करोड़ से बनेगा नया बिजली उपकेंद्र
रायबरेली। शहरवासियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। करीब डेढ़ साल से भूमि विवाद में फंसा डिग्री कॉलेज चौराहे के पास प्रस्तावित विद्युत उपकेंद्र अब आखिरकार धरातल पर उतरने जा रहा है।
राजस्व विभाग ने भूमि का चिन्हांकन कर दिया है और जल्द ही दोबारा टेंडर जारी कर निर्माण कार्य शुरू होगा। इस परियोजना पर लगभग 4 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
इस उपकेंद्र को शासन से डेढ़ साल पहले ही मंजूरी मिल गई थी। टेंडर प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी थी और निर्माण स्थल पर बोर्ड तक लगा दिया गया था, लेकिन भूमि विवाद के चलते काम शुरू नहीं हो सका। अब राजस्व और पावर कॉर्पोरेशन की संयुक्त टीम ने पैमाइश कर 15 बिस्वा भूमि उपकेंद्र के लिए चिन्हित कर दी है।
नया उपकेंद्र बनने के बाद इंदिरा नगर और प्रगतिपुरम उपकेंद्रों का लोड कम होगा, जिससे शहर में लंबे समय से बनी लो वोल्टेज और बिजली कटौती की समस्या में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। उपभोक्ताओं को अधिक स्थिर और बेहतर बिजली आपूर्ति मिल सकेगी।
मुख्य अभियंता रविचंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि उपकेंद्र के लिए भूमि उपलब्ध हो गई है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
रवि शंकर सिंह की रिपोर्ट पुलिस मुखबिर न्यूज रायबरेली ब्यूरो प्रभारी यूपी

PM News 18 Hindi News Website
