Monday , 31 August 2026

कंपनियां खड़ी कर एक करोड़ से अधिक की ठगी का आरोप

कंपनियां खड़ी कर एक करोड़ से अधिक की ठगी का आरोप

दिल्ली के एक ही परिवार के आठ समेत 15 पर FIR

 

पुलिस ने नहीं सुनी तो कोर्ट पहुंचा पीड़ित, न्यायालय के आदेश पर मिल एरिया पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा; 100 से अधिक निवेशकों से रकम जुटाने का आरोप

 

रायबरेली। जिले में पांच कंपनियां बनाकर 100 से अधिक निवेशकों से एक करोड़ रुपये से ज्यादा की रकम जमा कराने और बाद में भुगतान न करने का मामला सामने आया है। पुलिस द्वारा प्राथमिकी दर्ज न किए जाने पर पीड़ित ने न्यायालय की शरण ली।

कोर्ट के आदेश के बाद मिल एरिया पुलिस ने दिल्ली निवासी एक ही परिवार के आठ लोगों समेत 15 नामजद आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

मिल एरिया थाना क्षेत्र के बरखापुर निवासी दिलीप कुमार की शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने पशुधन लाइव एंड स्टॉक एंड मार्केटिंग इंडियन लिमिटेड नाम से कंपनी बनाई थी। इसके बाद पीएलएम इंडिया लिमिटेड, पीएलएम सेल्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, पशुधन कोऑपरेटिव सोसाइटी लिमिटेड और पशुपति म्यूचुअल बेनिफिट निधि लिमिटेड नाम से चार अन्य कंपनियां भी संचालित की गईं।

शिकायत में इन सभी कंपनियों का पंजीकृत कार्यालय दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-15 में बताया गया है।

 

ब्रांड और दस्तावेज दिखाकर निवेशकों का भरोसा जीतने का आरोप

 

शिकायतकर्ता का आरोप है कि कंपनियों के जरिए 100 से अधिक लोगों से एक करोड़ रुपये से अधिक की रकम जमा कराई गई। निवेशकों का विश्वास हासिल करने के लिए उन्हें कंपनी के ब्रांड और संबंधित दस्तावेज उपलब्ध कराए गए, जिन पर शेयरधारकों और आरोपियों के हस्ताक्षर बताए गए हैं।

 

शिकायत में नीलम गुप्ता और शिवजी गुप्ता को कंपनियों का मुख्य संचालक बताया गया है। आरोप है कि दोनों निदेशक और मुख्य प्रबंध निदेशक के पद पर थे। शिवजी गुप्ता पर निवेशकों से नकद रकम लेने का भी आरोप लगाया गया है।

 

रकम वापसी न होने पर बढ़ा विवाद

 

पीड़ित पक्ष के अनुसार, रकम जमा कराने के बाद निवेशकों को उनकी धनराशि वापस नहीं मिली। कई बार संपर्क और शिकायत के बावजूद समाधान नहीं हुआ। पुलिस से शिकायत करने के बाद भी मुकदमा दर्ज न होने पर पीड़ित ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की।

 

इन लोगों पर दर्ज हुआ मुकदमा

 

मिल एरिया पुलिस ने दिल्ली निवासी शिवजी गुप्ता, नीलम गुप्ता, विकास प्रभाकर, शंकर गुप्ता, गीता गुप्ता, ममता कुमारी, विमला गुप्ता, जीतू गुप्ता, सविता सिंह और सोनू गुप्ता के अलावा मिर्जापुर निवासी असेंद्र सिंह और रमेश कुमार बिंद, प्रयागराज निवासी धर्मेंद्र सिंह और जितेंद्र कुमार बिंद तथा रायबरेली के गुरुबख्शगंज थाना क्षेत्र के जरिया निवासी भारत सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।

 

पुलिस ने शुरू की जांच

 

मिल एरिया थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। पीड़ित पक्ष को बयान दर्ज कराने के लिए थाने बुलाया गया है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

रवि शंकर सिंह की रिपोर्ट पुलिस मुखबिर न्यूज रायबरेली ब्यूरो प्रभारी यूपी

Share:

About Arjun Patel

दोस्तों नमस्कार आप सभी शुद्ध पाठकों को अवगत कराना है कि राष्ट्रीय हिंदी मासिक पत्रिका public mukhbir जो बहराइच से प्रकाशित होकर पूर्वांचल के बस्ती, गोरखपुर ,कुशीनगर, सिद्धार्थ नगर ,देवरिया, महराजगंज, गोंडा ,बहराइच se Bihar rajya में प्रसारण हो रहा है मुझे यह विश्वास है कि हमारे द्वारा प्रकाशित किया गया समाचार आपको पसंद आएगा धन्यवाद

Check Also

363 दिन बाद फिर गरजेगा दिशा का मंच

363 दिन बाद फिर गरजेगा दिशा का मंच   9 सितंबर को केंद्रीय योजनाओं की …