झमाझम बारिश से गर्मी की तपिश खत्म, किसानों के चेहरे खिले; गंगा का बढ़ता जलस्तर बढ़ा रहा चिंता
प्रयागराज में कक्षा 12 तक और प्रतापगढ़ में कक्षा 8 तक स्कूल बंद, लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित

प्रयागराज/प्रतापगढ़। लंबे इंतजार के बाद हुई झमाझम बारिश ने भीषण गर्मी से बेहाल लोगों को बड़ी राहत दी है। बारिश की फुहारों से जहां तपती धरती को ठंडक मिली, वहीं किसानों के चेहरे पर भी खुशी लौट आई। खेतों में नमी आने से फसलों को राहत मिली है और किसानों को बेहतर पैदावार की उम्मीद जगी है।
कई दिनों से बारिश का इंतजार कर रहे किसानों के लिए लगातार हो रही वर्षा किसी संजीवनी से कम नहीं है। सूख रहे खेतों में नमी लौटने के साथ कृषि कार्यों में तेजी आने की संभावना है। बारिश से धान समेत अन्य फसलों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है।
बारिश के चलते स्कूलों में अवकाश
लगातार बारिश और विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बीएसए के आदेश पर प्रयागराज में कक्षा 12 तक के सभी विद्यालयों में अवकाश घोषित किया गया है। वहीं प्रतापगढ़ में कक्षा 8 तक के सभी विद्यालय बंद रखने का निर्णय लिया गया है। प्रशासन की ओर से मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
गंगा का जलस्तर बढ़ने से बढ़ी चिंता
लगातार बारिश के बीच गंगा नदी का जलस्तर भी तेजी से बढ़ रहा है। जलस्तर बढ़ने से नदी किनारे रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है। संभावित खतरे को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने और नदी के आसपास अनावश्यक रूप से नहीं जाने की अपील की जा रही है।
फिलहाल बारिश ने जहां लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत दी है और किसानों के लिए उम्मीद की नई किरण जगाई है, वहीं गंगा का लगातार बढ़ता जलस्तर प्रशासन और नदी किनारे बसे लोगों के लिए चिंता का विषय बनता जा रहा है।
अभिषेक सिंह की रिपोर्ट पुलिस मुखबिर न्यूज प्रतापगढ़ ब्यूरो प्रभारी यूपी
PM News 18 Hindi News Website
