पंचायत सचिवालय पर चोरों का धावा
ताले तोड़कर लाखों का तकनीकी सामान कि हुई चोरी
बांसपार नूतन में रात के अंधेरे में वारदात से मचा हड़कंप, कंप्यूटर-लैपटॉप समेत जरूरी उपकरण ले उड़े चोर
महराजगंज। भिटौली थाना क्षेत्र के बांसपार नूतन ग्रामसभा स्थित पंचायत सचिवालय में गुरुवार की रात चोरों ने ताला तोड़कर चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया।
शुक्रवार सुबह घटना की जानकारी होने पर पंचायत सचिवालय में हड़कंप मच गया। ग्राम प्रधान शेषमणि गौतम ने भिटौली थाने में तहरीर देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
ग्राम प्रधान के अनुसार, चोर पंचायत सहायक के कमरे का ताला तोड़कर वहां रखा डेस्कटॉप कंप्यूटर, मॉनिटर, सीपीयू, लैपटॉप, की-बोर्ड, माउस, प्रिंटर, फिंगर मशीन, इनवर्टर, बैटरी और वाई-फाई उपकरण समेत अन्य तकनीकी सामान चोरी कर ले गए।
सुबह पंचायत सचिवालय पहुंचने पर ताला टूटा मिला और कमरे से सामान गायब था। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों और पंचायत कर्मियों में खलबली मच गई।
ग्राम प्रधान ने तत्काल पुलिस को सूचना देते हुए चोरी गए सामान की बरामदगी और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
तहरीर मिलने के बाद भिटौली पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही अन्य माध्यमों से चोरों की पहचान और गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है।
सुरक्षा व्यवस्था पर भी उठे सवाल
पंचायत सचिवालय जैसे सरकारी भवन में हुई चोरी की घटना के बाद वहां की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। अब पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि वारदात में कितने लोग शामिल थे और चोर पंचायत सचिवालय से चोरी किए गए सामान को कहां ले गए।
PM News 18 Hindi News Website
