36 करोड़ से संवरेगी वीरता की विरासत, रायबरेली में बनेगा राणा बेनी माधव बक्स सिंह का भव्य स्मारक
पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने किया ऐलान, अमोल विहार में अंतिम चरण में पहुंचा निर्माण
रायबरेली संवाददाता। 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के महानायक राणा बेनी माधव बक्स सिंह की वीरता और बलिदान की गाथा को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने के लिए शहर के अमोल विहार में भव्य स्मारक का निर्माण कराया जा रहा है। करीब 36.09 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहा यह स्मारक अब निर्माण के अंतिम चरण में पहुंच चुका है।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह के अनुसार, परियोजना के प्रथम चरण में सभागार और पुस्तकालय का निर्माण करीब पूरा हो चुका है। इसके लिए 20.09 करोड़ रुपये अवमुक्त किए गए हैं और निर्माण कार्य लगभग 95 प्रतिशत पूरा हो चुका है। इसके अगस्त में पूरा होने की उम्मीद है।
परियोजना के दूसरे चरण के लिए 12 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिसका करीब 65 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। इस चरण में अतिथि गृह समेत अन्य महत्वपूर्ण संरचनाएं विकसित की जा रही हैं।
वहीं करीब चार करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक प्रकाश एवं ध्वनि आधारित आंतरिक विकास कार्य कराया जा रहा है, जिसका लगभग 75 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है।
सभागार से लेकर पुस्तकालय तक होंगी सुविधाएं
स्मारक परिसर में सभागार, पुस्तकालय, अतिथि गृह, खुला रंगमंच तथा आधुनिक प्रकाश एवं ध्वनि व्यवस्था विकसित की जा रही है। इससे यह स्थान ऐतिहासिक विरासत के साथ-साथ पर्यटन और सांस्कृतिक गतिविधियों का भी प्रमुख केंद्र बनने की उम्मीद है।
पर्यटन मंत्री ने कहा कि यह स्मारक राणा बेनी माधव बक्स सिंह की गौरवगाथा को देश-दुनिया तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। स्मारक आने वाली पीढ़ियों को स्वतंत्रता संग्राम के महानायकों के संघर्ष, साहस और बलिदान से परिचित कराने का काम करेगा।
अंग्रेजों के खिलाफ मोर्चा खोलने वाले महानायक थे राणा बेनी माधव
राणा बेनी माधव बक्स सिंह रायबरेली की शंकरपुर रियासत के शासक और 1857 के स्वतंत्रता संग्राम के प्रमुख क्रांतिकारी नेताओं में शामिल थे। उन्होंने अवध के तालुकेदारों को एकजुट कर ब्रिटिश शासन के खिलाफ संघर्ष किया।
बाराबंकी के नवाबगंज और चिनहट की लड़ाइयों में उन्होंने अंग्रेजी सेना का मुकाबला किया। नवंबर 1858 में गोविंदपुर-भीरा में भी उन्होंने अंग्रेजी सेना के खिलाफ महत्वपूर्ण संघर्ष किया।
अब अमोल विहार में बनने वाला यह भव्य स्मारक रायबरेली की धरती के उस वीर सपूत की कहानी को नई पीढ़ी तक पहुंचाने वाला ऐतिहासिक केंद्र बनने जा रहा है।
रवि शंकर सिंह की रिपोर्ट पुलिस मुखबिर न्यूज रायबरेली ब्यूरो प्रभारी यूपी
PM News 18 Hindi News Website
